जरुरी जानकारी | करदाताओं को 2020-21 में 2.62 लाख करोड़ रुपये से अधिक का रिफंड किया गया

नयी दिल्ली, एक अप्रैल आयकर विभाग ने 2020-21 में 2.38 करोड़ से अधिक करदाताओं को 2.62 लाख करोड़ रुपये से अधिक राशि रिफंड की।

इसमें व्यक्तिगत आयकर मद में 2.34 करोड़ करदाताओं को 87,749 करोड़ रुपये जबकि कंपनी कर मद में 3.46 लाख मामलों में 1.74 लाख करोड़ रुपये वापस किये गये।

आयकर विभाग ने एक बयान में कहा कि 2020-21 में कर वापसी में लगभग 43.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

बयान के अनुसार, ‘‘केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने एक अप्रैल, 2020 से 31 मार्च, 2021 के दौरान 2.38 करोड़ से अधिक करदाताओं के 2.62 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा वापस किये हैं।’’

इससे पूर्व 2019-20 में कुल 1.83 लाख करोड़ रुपये का कर रिफंड किया गया था।

बयान के अनुसार सरकार ने महामारी के आर्थिक प्रभाव को कम करने के लिये कई कदम उठाये। इसी के अनुरूप सीबीडीटी ने तेजी से कर रिफंड जारी किये।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)