जरुरी जानकारी | तंजानिया की भारत से मूंग पर व्यापार प्रतिबंध हटाने, दलहन आयात संधि बढ़ाने की मांग

नयी दिल्ली, 13 फरवरी तंजानिया ने बृहस्पतिवार को भारत से मूंग के आयात पर व्यापार प्रतिबंध हटाने और अरहर दाल की शुल्क-मुक्त आपूर्ति के मौजूदा समझौते को आगे बढ़ाने की मांग की।

तंजानिया के उप प्रधानमंत्री डोटो माशाका बिटेको ने यहां दलहन सम्मेलन को संबोधित करते हुए अपने देश के कृषि क्षेत्र में भारतीय निवेश को भी आमंत्रित किया।

बिटेको ने भारत दलहन एवं अनाज संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कहा, ‘‘हम भारत सरकार से मूंग पर हाल ही में लगाए गए प्रतिबंधों पर विचार करने की अपील करते हैं।’’

उन्होंने कहा कि तंजानिया उच्च गुणवत्ता वाले मूंग का एक महत्वपूर्ण उत्पादक है और इन प्रतिबंधों को हटाने से तंजानिया के उत्पादकों और भारतीय उपभोक्ताओं दोनों को लाभ होगा।

दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार वित्त वर्ष 2023-24 में 7.5 अरब डॉलर तक पहुंच गया। तंजानिया ने अब तक भारत को 1.86 लाख टन अरहर का निर्यात किया है।

बिटेको ने कहा, ‘‘हम कुछ उत्पादों के लिए शुल्क-मुक्त पहुंच सहित भारत की व्यापार नीतियों की गहराई से सराहना करते हैं। हम एक स्थिर और पूर्वानुमानित आपूर्ति शृंखला सुनिश्चित करने के लिए इन सहयोगों को मजबूत करना चाहते हैं।’’

शून्य शुल्क पर दो लाख टन अरहर की दाल की आपूर्ति के लिए तंजानिया के साथ भारत का मौजूदा समझौता इस साल मार्च में समाप्त हो रहा है।

तंजानिया के कृषि मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी कामवेसिगे एम मटेम्बेई ने कहा कि उनके देश ने तीन लाख टन अरहर की दाल और 1.5-1.5 लाख टन चना और मूंग की आपूर्ति के लिए समझौते को वर्ष 2027 तक बढ़ाने का भारत सरकार से अनुरोध किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)