चेन्नई, 24 अगस्त तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने दक्षिणी जिले तिरुनेलवेली में हुई एक सड़क दुर्घटना में तमिल समाचार चैनल पुथिया थलाईमुरई के टीवी कैमरामैन के निधन पर बृहस्पतिवार को शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवार के लिए पांच लाख रुपये की सहायता की घोषणा की।
तमिल समाचार चैनल के कैमरामैन शंकर (33) की 23 अगस्त को तिरुवनंतपुरम से तिरुनेलवेली लौटते समय नंगुनेरी टोल प्लाजा के पास एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी। शंकर चंद्रयान-3 की कवरेज के सिलसिले में केरल के तिरुवनंतपुरम गए थे।
इस दुर्घटना में तीन लोग घायल भी हुए हैं।
मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा, ‘‘ तिरुनेलवेली जिले में नंगुनेरी टोल प्लाजा के पास बुधवार रात हुई सड़क दुर्घटना में निजी टेलीविजन चैनल के कैमरामैन शंकर के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है।’’
स्टालिन ने शंकर के परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। शंकर के परिवार को मुख्यमंत्री जन राहत कोष से पांच लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
स्टालिन ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल में भर्ती इस हादसे के घायलों को विशेष उपचार प्रदान करने का निर्देश दिया है। उन्होंने प्रत्येक घायल व्यक्ति को 50,000 रुपये की राहत राशि प्रदान करने की घोषणा की।
शंकर के परिवार में उनकी पत्नी और सात साल का एक बेटा है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने एक्स (पूर्व में टि्वटर) पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे यह सुनकर बहुत दुख हुआ कि पुथिया थलाईमुरई टीवी के कैमरामैन शंकर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनके शोक संतप्त परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’
के. अन्नामलाई ने दुर्घटना में घायल हुए नागराजन, वलिनायगम और नारायणन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY