देश की खबरें | तमिलनाडु के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने कामराज की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की

चेन्नई, 15 जुलाई तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि, मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन समेत कई अन्य नेताओं ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज की 121वीं जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

इस मौके पर स्टालिन ने उन्हें उपहार के रूप में अलग-अलग समय पर मिली पुस्तकें सार्वजनिक पुस्तकालयों को दान कीं।

स्वतंत्रता सेनानी एवं कांग्रेस नेता कामराज की जयंती के अवसर पर शिक्षा विकास दिवस समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने लोगों के लाभ के लिए शुभचिंतकों और पार्टी कार्यकर्ताओं से प्राप्त 1.5 लाख से अधिक किताबें सार्वजनिक पुस्तकालयों को दान की हैं।

मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मैंने आज नेता कामराज की 121वीं जयंती के अवसर पर नेहरू राजकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल, नंगनल्लूर में आयोजित शिक्षा विकास दिवस समारोह में भाग लिया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।’’

स्टालिन ने कहा कि जब से उन्होंने 2017 में द्रमुक के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला है, तब से वह लोगों से अनुरोध कर रहे हैं कि वे उन्हें गुलदस्ते और शॉल के बजाय किताबें भेंट करें।

उन्होंने कहा, ‘‘तदनुसार, मुझे 1.5 लाख पुस्तकें प्राप्त हुई हैं और उन सभी को तमिलनाडु के सार्वजनिक पुस्तकालयों को दान कर दिया गया है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कामराज की जयंती पर सार्वजनिक पुस्तकालयों को 7,740 किताबें भेंट कीं।

राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा, ‘‘कामराज ने भारत की आजादी में अतुलनीय योगदान दिया और अपनी विभिन्न ऐतिहासिक पहल के माध्यम से सामाजिक विकास को गति दी।’’

अन्नाद्रमुक महासचिव ए.के. पलानीस्वामी, डीएमडीके संस्थापक विजयकांत, अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम के महासचिव टी.टी.वी. दिनाकरन और अभिनेता-राजनेता कमल हासन ने भी कामराज को श्रद्धांजलि दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)