देश की खबरें | तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने द्रमुक के नेता करुणानिधि की जन्मशती पर लोगो जारी किया

चेन्नई, दो जून तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने राज्य के दिवंगत मुख्यमंत्री एवं द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के दिग्गज नेता एम करुणानिधि की जन्मशती के अवसर पर यहां शुक्रवार को एक लोगो ‘कलैगनार 100’ का अनवरण किया।

स्टालिन के कहा कि चेन्नई में पांच हजार लोगों की क्षमता वाला एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केन्द्र बनाया जएगा और उसका नाम कलैगनार के नाम पर रखा जाएगा। करुणानिधि को लोग प्यार से कलैगनार बुलाते थे।

उन्होंने लोगो का अनावरण करते हुए कहा, ‘‘यह सर्वश्रेष्ठ सम्मेलन केन्द्र होगा जिसे 25 एकड़ भूमि में बनाया जाएगा। यह भविष्य की जरूरतों को पूरा करेगा।’’

पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री गोपालकृष्ण गांधी ने यह लोगो ग्रहण किया।

स्टालिन ने कहा कि हालांकि नंदमबक्कम में चेन्नई सम्मेलन केन्द्र 10,000 वर्ग मीटर में बना है तथा 12,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में अतिरिक्त निर्माण किया गया है लेकिन यह बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसलिए कलैगनार सम्मेलन केन्द्र को भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के हिसाब से बनाया जाएगा। इसमें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होंगे, प्रदर्शनी हॉल तथा अन्य प्रकार की सुविधाएं होंगी।

स्टालिन ने कहा कि सिंगापुर तथा जापान की यात्रा के दौरान उन्हें इस प्रकार के सम्मेलन केन्द्र के निर्माण का विचार आया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)