देश की खबरें | तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने राज्यपाल रवि के साथ ‘सौहार्दपूर्ण’ बैठक की

चेन्नई, 30 दिसंबर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने शनिवार को यहां राजभवन में राज्यपाल आर. एन. रवि के साथ ‘सौहार्दपूर्ण’ बैठक की और राज्य विधानसभा की ओर से पारित लंबित विधेयकों के बारे में चर्चा की।

उच्चतम न्यायालय ने राज्यपाल रवि को हाल में सुझाव दिया था कि मुख्यमंत्री स्टालिन के साथ बैठक कर गतिरोध को सुलझाएं।

राज्य के कानून मंत्री एस. रघुपति ने कहा, ‘‘बैठक सौहार्दपूर्ण रही और राज्यपाल 10 में से नौ विधेयकों को स्वीकृति के लिए राष्ट्रपति के पास भेजने पर सहमत हुए हैं।’’

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा कि लंबित विधेयकों के अलावा, सरकार ने अन्नाद्रमुक के दो पूर्व मंत्रियों पर मुकदमा चलाने और पूर्व मुख्यमंत्री सी. एन. अन्नादुरई की जयंती पर 112 कैदियों को रिहा करने की भी मांग की।

राज्य में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और रवि के बीच कई मुद्दों पर गतिरोध बना हुआ है।

विधेयकों पर कार्यवाही में कथित देरी को लेकर राज्यपाल के खिलाफ राज्य सरकार की याचिका पर सुनवाई करते हुए उच्चतम न्यायालय ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि राज्य विधानसभा द्वारा पारित और पुन: अपनाए गए विधेयकों को राज्यपाल द्वारा राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए नहीं भेजा जा सकता।

न्यायालय ने राज्यपाल रवि को मुख्यमंत्री स्टालिन के साथ बैठक कर 10 लंबित विधेयकों पर बने गतिरोध को सुलझाने का सुझाव दिया था।

राजभवन पहुंचने पर राज्यपाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और दोनों ने एक-दूसरे को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)