देश की खबरें | तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने हैरिस की
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

चेन्नई/कोलकाता, आठ नवंबर तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्रियों ने अमेरिका में राष्ट्रपति निर्वाचित हुए जो बाइडेन और उपराष्ट्रपति निर्वाचित हुईं कमला हैरिस को रविवार को बधाई दी।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने हैरिस के राज्य से संबंधों को याद किया।

यह भी पढ़े | 4 Years Of Demonetisation: नोटबंदी को चार साल पूरे होने पर राहुल गांधी ने ट्विटर पर पोस्ट की क्लिप, कहा- गलती नहीं, सोची समझी चाल थी, देखें वीडियो.

डेमोक्रेटिक पार्टी के बाइडेन ने शनिवार को अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में हरा दिया।

पलानीस्वामी ने ट्वीट किया, ‘‘अमेरिका का 46वां राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर जो बाइडेन को मेरी हार्दिक बधाई।’’

यह भी पढ़े | जम्मू-कश्मीर में सेना ने की घुसपैठ की नाकाम कोशिश, 1 आतंकी ढेर; AK-47 असॉल्ट राइफल और दो बैग बरामद.

हैरिस के उपराष्ट्रपति बनने पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ मैं बेहद खुश हूं कि कमला हैरिस अमेरिका में उपराष्ट्रपति पद पर निर्वाचित होने वाली पहली महिला हैं। उन्होंने अपनी अद्भुत जीत से तमिलनाडु को गौरवान्वित किया है।’’

हैरिस कैलिफोर्निया की सीनेटर हैं। बाइडेन ने उन्हें उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर चुना था।

उनके नाना पीवी गोपालन तमिलनाडु में तिरूवरूर जिले के थुलेसेंथिरापुरम से थे और लोक सेवक थे। छोटा सा गांव उनकी जीत के लिए प्रार्थना कर रहा था।

द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन ने ट्विटर पर बाइडेन और हैरिस को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि अमेरिकी लोगों ने अपने अगली उपराष्ट्रपति के तौर पर ‘‘तमिल विरासत’’ वाली एक महिला को चुना।

एएमएमके नेता और निर्दलीय विधायक टीटी दिनाकरण ने भी हैरिस को बधाई दी।

उन्होंने ट्वीट किया कि उनकी जीत न सिर्फ थुलेसेंथिरापुरम, बल्कि सभी तमिलों के लिए गर्व की बात है।

पीएमके के संस्थापक एस रामदौस ने भी बाइडेन और हैरिस को बधाई दी।

हैरिस के तमिलनाडु से जुड़ाव का हवाला देते हुए उन्होंने कामना की कि इससे भारत-अमेरिकी रिश्तों में ‘‘रचनात्मक प्रगति’’ में मदद मिलेगी।

उधर कोलकाता में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बाइडेन और हैरिस को चुनाव में जीत की बधाई दी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि अमेरिका और भारत के बीच की दोस्ती बढ़ेगी।

बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रपति निर्वाचित हुए जो बाइडेन और उपराष्ट्रपति निर्वाचित हुईं कमला हैरिस को बधाई। उम्मीद करती हूं कि भारत-अमेरिका की मित्रता फले-फूलेगी।’’

हैरिस दो प्रवासियों की संतान हैं। उनके पिता डोनाल्ड हैरिस जमैका के अश्वेत व्यक्ति थे जबकि उनकी मां श्यामला गोपालन चेन्नई से थीं। उन्होंने कैंसर पर अनुसंधान किया था और नागरिक अधिकार कार्यकर्ता थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)