देश की खबरें | तमिलनाडु के मुख्यमंत्री, अन्नाद्रमुक और विभिन्न राजनीतिक दलों ने मई दिवस की शुभकामनाएं दीं

चेन्नई, 30 अप्रैल तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) सहित राज्य के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने रविवार को मई दिवस की पूर्व संध्या पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

स्टालिन ने श्रमिक समुदाय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी पार्टी हमेशा कामकाजी वर्ग के साथ खड़ी रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘जब भी हम सरकार में रहे हैं, हम श्रमिक समुदाय के लिए कल्याणकारी योजनाओं को लागू करते रहे हैं या जब भी हम विधानसभा में विपक्ष में रहे हैं, तब श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए मुद्दे उठाते रहे हैं। ’’

स्टालिन ने श्रमिकों के कल्याण के लिए द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार द्वारा लागू की गई कुछ योजनाओं को गिनाया, जिसमें मई दिवस पर सवैतनिक अवकाश और श्रमिकों को दिया जाने वाला 20 प्रतिशत बोनस शामिल है।

अन्नाद्रमुक के महासचिव ई . के पलानीस्वामी ने मई दिवस की अपनी शुभकामनाओं में कहा कि पार्टी के संस्थापक दिवंगत एम जी रामचंद्रन और दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता ने श्रमिक समुदाय के कल्याण के लिए कई कार्य किए।

उन्होंने पार्टी की ओर से जारी एक बयान में अन्नाद्रमुक के शासनकाल के दौरान लागू की गई श्रमिक कल्याण योजनाओं को याद किया।

अन्नाद्रमुक के अपदस्थ नेता ओ पनीरसेल्वम, मक्कल नीधि मय्यम के नेता एवं अभिनेता कमल हासन, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) पार्टी के नेता टीटीवी दिनाकरण ने भी इस अवसर पर बधाई दी।

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी ने भी अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस की पूर्व संध्या पर श्रमिक समुदाय को बधाई दी।

एन रंगासामी ने कहा, ‘‘ श्रमिकों का कल्याण मेरी सरकार के लिए एक प्राथमिकता है और श्रमिक वर्ग की समृद्धि और भलाई सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)