सांबा/जम्मू, 19 जुलाई जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में सेना के शिविर के बाहर बुधवार को एक संदिग्ध बैग मिलने के बाद जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात एक घंटे से अधिक समय तक निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक यह संदिग्ध काला बैग अपराह्न महेश्वर में राजमार्ग पर फ्लाईओवर के नीचे पड़ा मिला।
इसके बाद सेना और पुलिस के जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर दी और बैग की जांच के लिए एक बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया, इसके अलावा एहतियात के तौर पर राजमार्ग पर यातायात निलंबित कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि बम निरोधक दस्ते को बैग में कुछ कपड़े और अन्य निजी सामान मिला।
सांबा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेनाम तोश ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ बैग के अंदर कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। राजमार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया है।’’
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर सभी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार, किसी भी संदिग्ध वस्तु की गहन जांच की जा रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY