देश की खबरें | उच्चतम न्यायालय ने दो पूर्व प्रधान न्यायाधीशों की याद में कार्यक्रम आयोजित किया

नयी दिल्ली,11 अक्टूबर उच्चतम न्यायालय ने दो पूर्व प्रधान न्यायाधीशों (सीजेआई) की याद में मंगलवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया। दोनों न्यायाधीशों का इस साल निधन हो गया था।

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश उदय उमेश ललित, शीर्ष न्यायालय के अन्य न्यायाधीशों के अलावा अटार्नी जनरल आर वेंकटरमानी और सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह शामिल हुए।

प्रधान न्यायाधीश ललित ने कार्यक्रम में कहा कि इसका आयोजन दिवंगत न्यायमूर्ति आर सी लाहोटी और न्यायमूर्ति कमल नारायण सिंह को याद करने एवं श्रद्धांजलि देने के लिए किया गया है।

न्यायमूर्ति सिंह, 22वें सीजेआई थे, जबकि न्यायमूर्ति लाहोटी 35वें सीजेआई थे।

प्रधान न्यायाधीश ने अपने दोनों पूर्वाधिकारियों के योगदानों को याद किया और कहा कि उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान न्यायमूर्ति लाहोटी ने 342 फैसले लिखे। उनका 81 वर्ष की आयु में 23 मार्च को निधन हो गया।

न्यायमूर्ति सिंह का 95 वर्ष की आयु में आठ सितंबर को निधन हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)