धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश), 19 अक्टूबर हिमाचल प्रदेश की धर्मशाला सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मौजूदा विधायक विशाल नेहरिया को आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट न दिए जाने के विरोध में उनके समर्थकों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा ने 68 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए 62 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की, जिसमें नेहरिया सहित 11 मौजूदा विधायकों के नाम को हटा दिया गया था। पार्टी ने इस साल नेहरिया के स्थान पर राकेश चौधरी को धर्मशाला सीट से उम्मीदवार बनाया है।
नेहरिया के समर्थक धर्मशाला मंडल भाजपा चुनाव प्रचार कार्यालय में जमा हो गए और पार्टी आलाकमान से इस फैसले की समीक्षा करने का आग्रह किया।
पार्टी के एक कार्यकर्ता पवन कुमार ने आरोप लगाया, ‘‘पार्टी आलाकमान ने एक ऐसे नेता को टिकट दिया है जो अभी तक मंडल के कार्यकर्ताओं को ठीक से जानता तक नहीं है और जो आज तक मंडल कार्यालय नहीं आया है।’’
एक अन्य कार्यकर्ता ने कहा, ‘‘आलाकमान को इस फैसले पर दोबारा से विचार करना होगा। अन्यथा, हम किसी भी परिस्थिति में दलबदलू का समर्थन नहीं करेंगे।’’
दरअसल, चौधरी ने 2019 में निर्दलीय के तौर पर चुनाव लड़ा था, जिस कारण उन्हें भाजपा ने निष्कासित कर दिया था। वह इस साल मार्च में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए और जुलाई में वापस भाजपा में लौट आये।
भाजपा सदस्य विजय गुप्ता ने कहा, ‘‘मंडल द्वारा तीन महिलाओं सहित 17 लोगों के नाम की सिफारिश की गई थी और उनमें से कम से कम एक व्यक्ति को टिकट दिया जाना चाहिए था।’’
महिला मोर्चा की सदस्य संगीता शर्मा ने कहा कि विधायक ने ज़मीनी स्तर पर काम किया है।
इस बीच एक अन्य भाजपा नेता विपिन नेहरिया ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY