देश की खबरें | सुकेश चंद्रशेखर से संबंधित 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली के मामले में पूरक आरोप पत्र दाखिल

नयी दिल्ली, 16 जनवरी दिल्ली पुलिस ने सोमवार को यहां एक अदालत को बताया कि कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर की करीबी सहयोगी पिंकी ईरानी ने चंद्रशेखर को अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज से मिलवाया और उसने जबरन वसूली के 200 करोड़ रुपये के मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र मलिक के समक्ष दायर एक पूरक आरोप पत्र में ये आरोप लगाए। आरोप पत्र पर संज्ञान लेने के बारे में अदालत मंगलवार को फैसला कर सकती है।

अभिनेत्री फर्नांडीज का नाम मामले में आरोपी के रूप में नहीं है। फर्नांडीज भी अदालत के सामने पेश हुई थीं। वह मामले में धन शोधन जांच के तहत आरोपी हैं।

आरोप पत्र में आरोप लगाया गया है कि ईरानी, चंद्रशेखर को एक बड़े कारोबारी के रूप में पेश करती थी और कुछ बॉलीवुड हस्तियों के साथ उसकी मुलाकातों में उसने भूमिका निभाई थी। पूरक आरोप पत्र में यह भी कहा गया है कि पुलिस ने अभिनेत्री फर्नांडीज और नोरा फतेही सहित कई लोगों के बयान दर्ज किए हैं।

मुंबई में रहने वाली ईरानी को दिल्ली पुलिस की ईओडब्ल्यू ने नवंबर 2022 में गिरफ्तार किया था। चंद्रशेखर वर्तमान में जेल में है। उस पर फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रवर्तक शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह समेत कई लोगों से जालसाजी करने का आरोप है।

चंद्रशेखर और उसके सहयोगियों पर सरकारी अधिकारी बनकर अदिति सिंह से जबरन उगाही करने का आरोप लगाया गया है। कथित ठग ने अदिति सिंह से धन शोधन के एक मामले में जेल में बंद उनके पति को जमानत दिलाने के नाम पर जालसाजी की थी।

चंद्रशेखर ने खुद को अधिकारी बताकर रोहिणी जेल में बंद रहने के दौरान अदिति को कॉल करके धन स्थानांतरित करने के लिए राजी किया और उनके पति को जमानत दिलाने के लिए प्रबंध करने का वादा किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)