हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), आठ अप्रैल हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार भगवान राम की विचारधारा का पालन कर रही है, जबकि विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर इसके खिलाफ काम कर रहे हैं।
सुक्खू ने निष्कासित कांग्रेस विधायकों के क्षेत्रों के साथ भेदभाव के आरोपों को खारिज कर दिया और कहा कि इस तरह के आरोप बेबुनियाद हैं।
हमीरपुर के चार दिन के दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने कभी उनकी इच्छाओं के खिलाफ काम नहीं किया।’’
मुख्यमंत्री ने नादौन में आज ब्लॉक कांग्रेस पार्टी की बैठक में भाग लिया। वहां पत्रकारों के एक समूह से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे झूठे बयान देकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वे बागी विधायक नहीं बल्कि ''बिकाऊ विधायक'' हैं, जिन्होंने व्यक्तिगत लाभ के लिए हिमाचल में तुच्छ राजनीति का सहारा लिया।
मुख्यमंत्री ने ठाकुर पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी ‘सत्ता की भूख’ के कारण राज्यसभा की सीट ‘खरीदी और बेची’ लेकिन हिमाचल के लोग होशियार हैं और आगामी चुनाव में भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देंगे।
सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस राज्य की चारों लोकसभा सीट और छह विधानसभा सीट जीतेगी।
उन्होंने कहा कि मंडी लोकसभा सीट से किसी युवा और जिताने की क्षमता वाले चेहरे को उम्मीदवार घोषित किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY