देश की खबरें | महिला मित्र को गोली मारने एवं ससुर की हत्या करने के आरोप दिल्ली पुलिस का उप निरीक्षक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में महिला मित्र को कथित तौर पर गोली मार कर घायल करने तथा बाद में रोहतक में ससुर की हत्या करने वाले उप निरीक्षक संदीप दहिया को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 29 सितंबर राष्ट्रीय राजधानी में महिला मित्र को कथित तौर पर गोली मार कर घायल करने तथा बाद में रोहतक में ससुर की हत्या करने वाले उप निरीक्षक संदीप दहिया को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘स्पेशल स्टाफ, साइबर प्रकोष्ठ एवं लाहौरी गेट पुलिस थाने की संयुक्त टीम ने रोहिणी सेक्टर तीन में दहिया को 11 बजे के करीब गिरफ्तार किया।’’

यह भी पढ़े | Spialia Zebra: राजस्थान के मुकेश पंवार ने खोजी देश की 1328वीं तितली, अब तक 111 प्रजातियों की तितलियों की कर चुके हैं खोज.

अधिकारी ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक निगरानी एवं सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार एवं वाहन भी पुलिस ने बरामद कर लिया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह पता चला कि दहिया का अपने ससुराल के लोगों से संबंध ठीक नहीं थे।

यह भी पढ़े | कोरोना के चंडीगढ़ में 138 नए केस, अब तक 158 की मौत: 29 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने बताया कि दहिया का उसके महिला मित्र के साथ बहस भी हुयी थी ।

उन्होंने बताया कि रविवार को वह अपनी महिला मित्र के साथ था और उन दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद दहिया ने महिला को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया ।

अधिकारी ने बताया कि वह नरेला और कुंडली की तरफ भागा और रात को बंसी गांव पहुंचा, जहां उसकी पत्नी रहती है। सुबह उसने अपने ससुर को गोली मार दी और वहां से कुंडली भाग आया जहां वह गिरफ्तार होने से पहले रात में ठहरा था।

दहिया (35) लाहौरी गेट पुलिस थाने में 21 दिसंबर 2017 से तैनात है ।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, दहिया ने रविवार को अपनी ​महिला मित्र को कथित रूप से गोली मार दी थी । इससे पहले उत्तर दिल्ली के अलीपुर इलाके में उसकी कार में दोनों का झगड़ा हुआ था।

शाहाबाद डेयरी पुलिस थाने में तैनात दिल्ली पुलिस का एक अन्य उप निरीक्षक जयवीर जब जीटी करनाल रोड पर स्थित साई मंदिर को पार कर रहा था तो उसने सड़क के किनारे महिला को पड़े हुये देखा। जयवीर, महिला को पास के अस्पताल में ले गया ।

अस्पताल जाते समय महिला ने बताया कि उसे दहिया ने गोली मारी है जो फिलहाल लाहौरी गेट पुलिस थाने में तैनात है। महिला और दहिया के बीच पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था ।

इस घटना के बाद दहिया वहां से भाग गया और कथित रूप से अपने 60 साल के ससुर की हरियाणा के रोहतक में स्थित उनके घर के बाहर सोमवार की सुबह गोली मार कर हत्या कर दी।

उप निरीक्षक की पत्नी ने रोहतक जिला पुलिस को बताया कि ​वैवाहिक संबंधों में तनाव की वजह से वह पिछले कुछ समय से अलग रह रही है। पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके पति ने पहले धमकी दी थी कि वह उसके पिता की हत्या कर देगा ।

रोहतक पुलिस ने सोमवार को कहा कि मरने वाले व्यक्ति की पहचान रणबीर के रूप में की गयी है। पुलिस ने बताया कि जिस समय उन्हे गोली मारी गयी उस वक्त वह अपने घर के बाहर नाली की सफाई कर रहे थे ।

गली में लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में अपराध के बाद मौके से दिल्ली में पंजीकृत एक एसयूवी जाती हुई दिख रही है।

रणबीर को कथित रूप से सिर में गोली लगी और उसके कुछ ही मिनट बाद उनकी मौत हो गयी । उनके परिवार के सदस्य तत्काल घर के बाहर आ गये और उन्हें मृत अवस्था में देखा ।

दहिया दिल्ली पुलिस में 2006 में कांस्टेबल के तौर पर शामिल हुआ था और परीक्षा पास करने के बाद 2010 में वह उप निरीक्षक बन गया। वह शालीमार बाग पुलिस कॉलोनी में रहता था

वह दो दिन से चिकित्सा अवकाश पर था और शुक्रवार को उसने ड्यूटी की थी। चूंकि वह डिविजन अधिकारी था इसलिये उसे दस राउंड के साथ नौ एमएम की पिस्तौल आवंटित की गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\