नोएडा, पांच सितंबर थाना सेक्टर 58 क्षेत्र में सेक्टर 62 के पास गत दो सितंबर की रात को अज्ञात बदमाशों द्वारा मारपीट और लूटपाट के दौरान घायल बी-टेक के एक छात्र की उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात को मौत हो गई।
पुलिस ने इस घटना में शामिल अपराधियों का पता लगाने के लिए चार टीमें बनाई हैं, वहीं छात्र के पिता गुलशन कालरा ने हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दिलवाने की मांग की है।
यह भी पढ़े | भारतीय सेना ने 3 चीनी नागरिकों की बचाई जान, ऑक्सीजन-भोजन और गर्म कपड़े दिए गए.
पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) राजेश एस ने बताया कि दो सितंबर की रात को सेक्टर 62 की स्टेलर पार्क नामक सोसाइटी में रहने वाला बी-टेक का छात्र अक्षय कालरा अपनी क्रेटा कार से घर से बाहर सामान लेने के लिए निकला था।
अधिकारी ने बताया कि सोसाइटी के पास ही हथियारबंद अज्ञात बदमाशों ने अक्षय को रोककर उसके साथ मारपीट की और क्रेटा कार लूट ली। वहां से गश्त करते हुए निकल रहे पुलिसकर्मियों ने सड़क पर बेहोश पड़े अक्षय को गंभीर हालत में नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया।
डीएसपी के अनुसार अक्षय के पास से मिले फोन की मदद से उनके परिजनों से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उपायुक्त ने बताया कि गंभीर रूप से घायल छात्र अक्षय कालरा की उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात को अस्पताल में मौत हो गई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के खुलासे के लिए सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा के नेतृत्व में 4 टीमें बनाई गई हैं।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास स्थित सोसाइटियों तथा वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से बदमाशों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
अक्षय के पिता गुलशन कालरा ने मांग की कि उनके बेटे के साथ लूटपाट व उसकी हत्या करने वाले बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने दोषियों को कठोर सजा दिलाये जाने की भी मांग की।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है।
सं.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY