देश की खबरें | पत्र लिखना बंद कर सवालों के जवाब दीजिए: भाजपा ने ममता बनर्जी से कहा

नयी दिल्ली, 30 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना करते हुए उन्हें ‘झूठा’ करार दिया और उनसे यह बताने को कहा कि उन्होंने अपने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के लिए मौजूदा ‘कड़े’ नियमों का कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए क्यों नहीं कुछ किया है।

भाजपा की यह टिप्पणी बनर्जी की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर बलात्कार और हत्या जैसे जघन्य अपराधों के लिए कड़े केंद्रीय कानून और कड़ी सजा देने का अनुरोध दोहराए जाने के मद्देनजर आई है। उन्होंने बलात्कार व बलात्कार-हत्या के मामलों के समयबद्ध निपटारे के लिए कानून में अनिवार्य प्रावधान की भी मांग की थी।

पश्चिम बंगाल के लिए भाजपा के सह-प्रभारी अमित मालवीय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ममता बनर्जी को यह बताना चाहिए कि पश्चिम बंगाल सरकार ने उन कड़े नियमों को लागू करने के लिए कुछ क्यों नहीं किया है, जो महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा के लिए मौजूद हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पत्र लिखना बंद कीजिए। प्रश्नों के उत्तर दीजिए। आप जवाबदेह हैं।’’

बनर्जी ने अपने ताजा पत्र में कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर अभी तक प्रधानमंत्री से जवाब नहीं मिला है, जिसे उन्होंने अपने पिछले पत्र में उठाया था।

हालांकि, मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें केंद्रीय महिला एवं बाल विकास (डब्ल्यूसीडी) मंत्री अन्नपूर्णा देवी से एक पत्र मिला है।

बनर्जी ने कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्री का पत्र उनके द्वारा उठाए गए मुद्दे की गंभीरता पर मुश्किल से ध्यान देता है, लेकिन इस सामान्य जवाब को भेजते समय विषय की गंभीरता और समाज के लिए इसकी प्रासंगिकता को पर्याप्त रूप से नहीं समझा गया है।

बनर्जी ने प्रधानमंत्री को लिखे अपने पत्र में उल्लेख किया कि पश्चिम बंगाल में 88 त्वरित (फास्ट-ट्रैक) विशेष अदालतें और 62 पॉक्सो-निर्दिष्ट अदालतें पहले से ही राज्य के वित्त पोषण पर काम कर रही हैं।

मालवीय ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘ममता बनर्जी झूठी हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने 25 अगस्त, 2024 को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री को जवाब दिया। अपने पत्र के बिंदु चार में उन्होंने (महिला एवं बाल विकास मंत्री) विशेष रूप से उल्लेख किया है कि पश्चिम बंगाल सरकार बलात्कार और पॉक्सो से संबंधित मामलों के निपटारे के लिए एक भी फास्ट ट्रैक अदालत स्थापित नहीं कर रही है।’’

मालवीय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री को लिखे गए महिला एवं बाल विकास मंत्री के पत्र की एक प्रति भी ‘एक्स’ पर साझा की।

मालवीय ने कहा कि पिछले 48 घंटों में पश्चिम बंगाल में बलात्कार के सात मामले सामने आए हैं, जिनमें ज्यादातर नाबालिगों के हैं और कुछ मामलों में हत्या भी हुई है।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन पिछले 48 घंटों में ममता बनर्जी खुले खत जारी करने से लेकर स्पष्टीकरण तक, डॉक्टरों को धमकी देने और गाली देने से लेकर देशव्यापी आगजनी के लिए उकसाने तक- हर निंदनीय काम में लगी हुई हैं, जिस पर किसी भी सभ्य मुख्यमंत्री को शर्म आएगी।’’

उन्होंने बनर्जी को राज्य की ‘विफल गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री’ करार दिया और आरोप लगाया कि वह आरजी कर अस्पताल बलात्कार और हत्या मामले में अपने भ्रष्टाचार और अक्षमता के सबूतों को दबाने में व्यस्त हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन, अब बहुत हो गया। बंगाल की जागृत अंतरात्मा अब जवाबदेही की मांग करती है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)