देश की खबरें | पटाखे के गोदाम पर छापा मारने गए पुलिस दल पर पथराव

गाजियाबाद (उप्र), 17 अक्टूबर उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिले के एक गांव में अवैध पटाखों के कथित गोदाम पर छापा मारने गए पुलिस दल पर पथराव किया गया है जिसमें दो कर्मी घायल हो गए।

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि इस बाबत 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना पर टीला मोड़ थाने की एक टीम शनिवार तड़के फारूख नगर गांव में पटाखों के गोदाम पर छापा मारने गई थी जहां कथित रूप से 80 लाख रुपये के पटाखे रखे गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि जब पुलिस दल मौके पर पहुंचा तो गोदाम मालिक के परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों ने कथित रूप से पथराव कर दिया जिसमें दो पुलिस कर्मी जख्मी हुए।

शहर के ‘क्षेत्र अधिकारी’ (सीओ) स्वतंत्र सिंह ने कहा कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई।

सिंह ने बताया “ अंधेरे का फायदा उठाकर नासिर और उसके पिता कालूवा मौके से फरार हो गए। 72 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। रविवार को 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।”

एक अन्य घटना में फारुख नामक व्यक्ति को कविनगर पुलिस ने सोमवार को बम्हेटा गांव में दो लाख रुपये मूल्य के अवैध पटाखे रखने के आरोप में गिरफ्तार किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)