जर्मनी में तैनात हजारों सैनिकों को वापस बुलाएगा अमेरिका
अमेरिकी सैनिकों की कटौती का यह फैसला दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के दौरान आया है.
अमेरिकी सैनिकों की कटौती का यह फैसला दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के दौरान आया है. इससे पहले जर्मन चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स ने कहा था कि ईरानी नेतृत्व अमेरिका को "अपमानित" कर रहा है.अमेरिकी रक्षा विभाग ने शुक्रवार, 1 मई को बताया है कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने जर्मनी में तैनात करीब 5,000 अमेरिकी सैनिकों की वापसी का आदेश दे दिया है.
पेंटागन (अमेरिकी रक्षा विभाग का मुख्यालय) के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने एक बयान जारी कर बताया कि सैनिकों की यह कटौती अगले छह से 12 महीनों में पूरी कर ली जाएगी. उन्होंने कहा, "यह फैसला यूरोप में विभाग की सैन्य तैनाती की पूरी समीक्षा करने के बाद लिया गया है. साथ ही इसमें थियेटर की जरूरतों और जमीनी हालात का भी ख्याल रखा गया है."
ट्रंप और मैर्त्स के बीच विवाद
यह घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की उस धमकी के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने जर्मनी में अमेरिकी सैनिकों की संख्या कम करने की बात कही थी. उन्होंने जर्मन चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स की आलोचना करते हुए कहा था कि जर्मन नेता को "पता ही नहीं है कि वे क्या बोल रहे हैं" और उन्हें "पूरी तरह अप्रभावी" बताया था. शुक्रवार को डॉनल्ड ट्रंप ने यूरोपीय संघ से आने वाली कारों और ट्रकों पर टैक्स बढ़ाने का भी ऐलान किया. यह एक ऐसा कदम है जिससे सबसे बड़ा झटका जर्मनी को लगेगा.
जर्मनी की प्रतिक्रिया
जर्मनी के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने रॉयटर्स से कहा कि वे इस घोषणा से हैरान हैं क्योंकि उसी दिन पेंटागन में उनकी काफी सकारात्मक बातचीत हुई थी. एक और ध्यान देने वाली बात है कि दूसरे यूरोपीय देशों के उलट, जर्मनी ने ही ईरान में सैन्य कार्रवाई के लिए अमेरिका को अपने हवाई क्षेत्र और ठिकानों के इस्तेमाल की इजाजत दी थी. जंग में जख्मी हुए कुछ अमेरिकी सैनिकों का इलाज भी रामश्टाइन एयर बेस के पास लांडस्टुह्ल मिलिट्री अस्पताल में ही हुआ था.
इससे पहले गुरुवार को विदेश मंत्री योहान वाडेफुल ने कहा कि जर्मनी, अमेरिकी फौज में होने वाली इस कटौती के लिए तैयार है और नाटो के तमाम मंचों पर पूरे भरोसे के साथ इस बारे में चर्चा कर रहा है.
जर्मनी में अमेरिका के कितने सैनिक हैं?
दूसरे विश्व युद्ध के खत्म होने और शीत युद्ध की शुरुआत के बाद से, आज पूरे यूरोप में अमेरिका के सबसे ज्यादा सैनिक जर्मनी में ही मौजूद हैं. अमेरिकी डिफेंस मैनपावर डेटा सेंटर के मुताबिक, दिसंबर 2025 तक जर्मनी में 36 हजार से ज्यादा सक्रिय अमेरिकी सैनिक तैनात थे.
इनमें दक्षिण-पश्चिमी जर्मनी के रामश्टाइन बेस पर तैनात कर्मी भी शामिल हैं, जिसे अमेरिका का सबसे बड़ा विदेशी एयरबेस माना जाता है. जर्मनी में अमेरिका के कई और बड़े सैन्य ठिकाने भी हैं, जिनमें अमेरिकी यूरोपियन कमांड और अफ्रीकन कमांड के हेडक्वार्टर भी शामिल हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2026 01:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

