IPL 2027: सौरव गांगुली बने दिल्ली कैपिटल्स के नए हेड कोच, हेमांग बदानी की हुई छुट्टी
दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन पिछले दो सीजन में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. टीम IPL 2025 और IPL 2026 दोनों में प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही थी. ऐसे में फ्रेंचाइजी ने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव का फैसला लिया है. अब सौरव गांगुली की अगुवाई में टीम नए सिरे से तैयारी करेगी और IPL 2027 में अपने पहले खिताब की चुनौती पेश करेगी.
IPL 2027 Delhi Capitals Head Coach: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है. 6 अक्टूबर 2026 को फ्रेंचाइजी ने इसकी आधिकारिक घोषणा की. 54 वर्षीय गांगुली हेमांग बदानी की जगह लेंगे, जिन्होंने 2025 और 2026 सीजन में टीम की कोचिंग की थी. अब दिल्ली कैपिटल्स को पहली बार आईपीएल चैंपियन बनाने की जिम्मेदारी 'दादा' के कंधों पर होगी.
सौरव गांगुली दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच बने.
Dilli, it's time for Dadagiri 🐅
Sourav Ganguly, Head Coach of the Tigers 🔥 https://t.co/EMTPQ9TB64
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) October 6, 2026
दिल्ली कैपिटल्स में नई भूमिका में लौटे सौरव गांगुली
सौरव गांगुली पहले भी दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ चुके हैं. वह 2019 में टीम के सलाहकार (Advisor) थे, जब रिकी पोंटिंग हेड कोच थे और दिल्ली ने 2012 के बाद पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाई थी. बीसीसीआई अध्यक्ष का कार्यकाल पूरा करने के बाद वह 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक (Director of Cricket) बने. बाद में उन्हें JSW ग्रुप की सभी टी20 फ्रेंचाइजियों की जिम्मेदारी सौंपी गई.
अब उन्हें हेड कोच की नई भूमिका दी गई है, जहां उनका अनुभव और नेतृत्व टीम के लिए काफी अहम माना जा रहा है.
कोचिंग स्टाफ में भी होंगे बड़े बदलाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली कैपिटल्स के सपोर्ट स्टाफ में भी कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चामिंडा वास को गेंदबाजी कोच बनाए जाने की चर्चा है. वहीं भारत के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह बल्लेबाजी कोच की भूमिका निभा सकते हैं. इसके अलावा पूर्व भारतीय लेग स्पिनर अमित मिश्रा को स्पिन गेंदबाजी कोच बनाए जाने की भी खबरें हैं. हालांकि फ्रेंचाइजी ने इन नियुक्तियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
दिल्ली कैपिटल्स की नजर पहले आईपीएल खिताब पर
दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन पिछले दो सीजन में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. टीम IPL 2025 और IPL 2026 दोनों में प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही थी. ऐसे में फ्रेंचाइजी ने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव का फैसला लिया है. अब सौरव गांगुली की अगुवाई में टीम नए सिरे से तैयारी करेगी और IPL 2027 में अपने पहले खिताब की चुनौती पेश करेगी.
आने वाले महीनों में खिलाड़ी रिटेंशन और ऑक्शन को लेकर भी कई अहम फैसले लिए जाएंगे. ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के लिए IPL 2027 एक नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 06, 2026 02:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

