Sensex Update: शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 456 अंक और लुढ़का
स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 456 अंक लुढ़क गया. वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका के बीच मुख्य रूप से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में बिकवाली से बाजार नीचे आया.
मुंबई, 16 अप्रैल : स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 456 अंक लुढ़क गया. वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका के बीच मुख्य रूप से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में बिकवाली से बाजार नीचे आया. विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई. तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 456.10 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,943.68 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 714.75 अंक तक लुढ़क गया था.
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 124.60 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,147.90 अंक पर बंद हुआ.
सेंसेक्स के शेयरों में इन्फोसिस, इंडसइंड बैंक, बजाज फिनसर्व, विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और लार्सन एंड टुब्रो प्रमुख रूप से नुकसान में रहे. दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में टाइटन, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी बैंक, मारुति, आईटीसी, पावरग्रिड और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं. एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे. यह भी पढ़ें : राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए उन पर केवल अमीरों की मदद का आरोप लगाया
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा. अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट में सोमवार को गिरावट रही थी. इजराइल के सैन्य प्रमुख ने सोमवार को कहा कि उनका देश ईरान के हमले का जवाब देगा. हालांकि, उन्होंने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया कि यह हमला कब और कैसे किया जाएगा. इस बीच, विश्व नेताओं ने इजारायल से पश्चिम एशिया में जवाबी कार्रवाई से बचने का आग्रह किया है. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 89.87 डॉलर प्रति बैरल रहा. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 3,268 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे. बीएसई सेंसेक्स ने सोमवार को 845.12 अंक का गोता लगाया था, जबकि एनएसई निफ्टी 246.90 अंक के नुकसान में रहा था.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 16, 2024 04:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

