(फाइल फोटो के साथ)
मुंबई, चार फरवरी अभिनेता शाहरुख खान का कहना है कि बॉक्स ऑफिस पर ''पठान'' को मिल रही जबरदस्त सफलता का दौर अभी जारी है और वह इसका भरपूर आनंद ले रहे हैं।
शाहरुख ने टि्वटर पर "आस्क एसआरके" सत्र के दौरान अपने प्रशंसकों से बातचीत में यह बात कही।
शानदार एक्शन वाली फिल्म ''पठान'' में शाहरुख (57) ने एक जासूस की भूमिका निभाई है। अभिनेता ने कहा कि फिल्म को मिल रहे दर्शकों के प्यार से पूरी टीम बेहद उत्साहित है और सभी इसका आनंद ले रहे हैं।
''पठान'' की सफलता को लेकर एक प्रशंसक की ओर से पूछे गए सवाल के जवाब में शाहरुख ने कहा, ‘‘फिल्म की कामयाबी और उसे मिल रहे प्यार को अभी भी महसूस कर रहा हूं भाई। #पठान।’’
''पठान'' के जरिये शाहरुख ने चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी की है। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है। इसमें शाहरुख के अलावा जॉन अब्राहम और दीपिका पादुकोण ने अहम भूमिका निभाई है।
अभिनेता ने कहा कि फिल्म की पहली स्क्रीनिंग के बाद से ही उन्हें ''पठान'' बहुत पसंद आई थी, लेकिन दर्शकों की प्रतिक्रिया उनकी उम्मीदों से काफी बेहतर रही।
शाहरुख ने कहा, ‘‘मुझे फिल्म बहुत पसंद आई, लेकिन यह नहीं पता था कि इसे लोगों का इतना प्यार मिलेगा।’’
उन्होंने ''पठान'' की कामयाबी का श्रेय निर्माता आदित्य चोपड़ा और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद को भी दिया।
''पठान'' की सफलता को लेकर पत्नी गौरी खान की प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर शाहरुख ने कहा, ‘‘वह बहुत खुश हैं। पूरा परिवार मेरे लिए बहुत खुश है।’’
''पठान'' वैश्विक स्तर पर अब तक करीब 700 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY