देश की खबरें | विंबलडन में एक जुलाई को सिस्टर निवेदिता की प्रतिमा का अनावरण

कोलकाता, 23 मई आयरलैंड में जन्मी शिक्षिका एवं भारत में राष्ट्रवाद की पैरोकार सिस्टर निवेदिता की प्रतिमा का अनावरण एक जुलाई को विंबलडन में किया जाएगा। ‘सिस्टर निवेदिता सेलिब्रेशन्स कमेटी’ की प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

सारगाछी में रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी विश्वमायानंदजी ने अष्टकोणीय चौकी पर बनाई गई 6.2 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का ‘डिजाइन’ तैयार किया है।

‘सिस्टर निवेदिता सेलिब्रेशन्स कमेटी’ की शारदा सरकार ने ब्रिटेन से एक बयान जारी कर कहा कि इस प्रतिमा को भारत में कलाकार निर्जन डे ने आकार दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रतिमा का औपचारिक अनावरण एक जुलाई 2023 को होगा.... यह प्रतिमा न केवल सिस्टर निवेदिता के असाधारण जीवन और उनके द्वारा किए गए कार्यों की याद दिलाएगी, बल्कि ब्रिटेन और भारत के बीच मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को भी बढ़ावा देगी।’’

सिस्टर निवेदिता का जन्म के समय का नाम मार्गरेट एलिजाबेथ नोबल था। उन्होंने अपने आध्यात्मिक गुरु स्वामी विवेकानंद के कहने पर भारत में लोगों की सेवा के लिए जीवन समर्पित करने से पहले विंबलडन में एक स्कूल की स्थापना की थी।

सिस्टर निवेदिता ने महिलाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल रही थीं।

इससे पहले, ब्रिटेन के डेवोनशायर स्थित ग्रेट टॉरिंगटन के एक कब्रिस्तान में सिस्टर निवेदिता की आवक्ष प्रतिमा स्थापित की गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)