देश की खबरें | गाजियाबाद में पत्रकार की हत्या मामले में लापरवाही के लिए थाना प्रभारी निलंबित
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश), 24 जुलाई गाजियाबाद पुलिस ने उस इलाके के पुलिस थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है जहां पत्रकार विक्रम जोशी को चार दिन पहले गोली मारी गई थी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कलानिधि नैथानी ने बताया कि यह मामला विजय नगर थाने से कोतवाली नगर थाने को स्थानांतरित कर दिया गया है।

यह भी पढ़े | दिल्ली में आज COVID-19 के 1025 नए मामले सामने आए, 32 की मौत : 24 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

नैथानी ने बताया कि यह कार्रवाई, मामले की जांच कर रहे क्षेत्राधिकारी (सीओ) राकेश मिश्रा द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के मद्देनजर की गई है।

जोशी (35) को अपराधियों ने सोमवार को विजय नगर के माता कॉलोनी इलाके में उनके घर के पास सिर में गोली मार दी थी जब वह अपनी दो बेटियों के साथ दोपहिया वाहन से जा रहे थे। उनकी बुधवार को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

यह भी पढ़े | दिल्ली में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में हुआ गंभीर जलभराव, देखें तस्वीरें.

उनके परिवार ने आरोप लगाया है कि स्थानीय पुलिस ने गुंडों के खिलाफ की गई शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की जिन्होंने जोशी की भांजी को कथित तौर पर परेशान किया था।

जोशी का 16 जुलाई को आरोपियों के साथ आमना-सामना हुआ था जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई थी और एक आरोपी घायल हो गया था।

नैथानी ने बताया, “विक्रम जोशी हत्या मामले में जांच की जिम्मेदारी संभाल रहे एक क्षेत्रीय अधिकारी ने कहा कि यह पाया गया है कि मामले में विजय नगर थाना प्रभारी की तरफ से निरीक्षण का अभाव रहा।”

एएसपी ने कहा कि 16 जुलाई से मामले में कोई कानूनी या एहतियाती कार्रवाई नहीं की गई जब विवाद शुरू हुआ था और 20 जुलाई तक परस्पर आरोप लगाए गए, जब हत्या हुई।

उन्होंने कहा, “एसएचओ (राजीव कुमार सहरावत) को कार्रवाई नहीं करने और लापरवाही बरतने के लिए निलंबित किया गया है।’’

हत्या के सिलसिले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और बुधवार को एक पुलिस चौकी के प्रभारी राघवेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया था। इस मामले में एक अपराधी फरार है।

जिला पुलिस प्रमुख ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सख्त संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक (शहर) और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को तत्काल सभी कर्मियों, पुलिस चौकी प्रभारी स्तर से लेकर कॉन्स्टेबल तक को सूचित करने का निर्देश दिया कि लापरवाही वाला रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नैथानी ने कहा, “कर्मियों से पुरानी दुश्मनी के मामलों में एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है।”

एसएसपी ने कहा, “मैंने जल्दी ही थाना प्रभारियों की एक बैठक भी बुलाई है जहां उनसे लोगों के लिए काम करने और मामलों में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा जाएगा।”

उन्होंने विभाग में कुछ तबादले भी किए हैं।

पुलिस शिकायत प्रकोष्ठ के प्रभारी, देवेंद्र बिष्ट का विजय नगर थाना का नया प्रभारी बनाया गया है जबकि सिहानी गेट थाने के प्रभारी दिलीप बिष्ट को इलाके में अपराध बढ़ने के कारण पुलिस लाइन भेज दिया गया। कृष्ण गोपाल शर्मा सिहानी गेट के नये एसएचओ हैं।

तीन और चौकी प्रभारियों को भी अपने क्षेत्रों में अपराधों को नियंत्रित नहीं करने के कारण पुलिस लाइन भेज दिया गया है। इनमें सब-इंस्पेक्टर इकराम अली, योगेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)