चेन्नई, तीन फरवरी द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने सोमवार को पार्टी संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री सी. एन. अन्नादुरई की 56वीं पुण्यतिथि पर यहां शांति मार्च का नेतृत्व किया और मरीना बीच पर स्थित नेता की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
अन्नाद्रमुक के प्रमुख ई. के. पलानीस्वामी पूर्व मंत्रियों डी. जयकुमार और के. पी. मुनुसामी समेत अपने पार्टी सहयोगियों के साथ यहां अन्ना स्मारक पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित की।
पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने अपने समर्थकों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। अन्नाद्रमुक के सांसद डी थंबीदुरई और पार्टी नेताओं ने दिल्ली में अन्ना की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम के प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने मदुरै में अन्ना को श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्टालिन, पार्टी कार्यकर्ता और नेताओं ने वालाजा रोड पर अन्ना प्रतिमा स्थल से लेकर कामराजर सलाई-अन्ना चौक स्थित अन्ना स्मारक तक लगभग दो किलोमीटर की दूरी तय की।
मुख्यमंत्री ने द्रमुक के संस्थापक और 1967 में कांग्रेस पार्टी को हराकर अपनी पार्टी से पहले मुख्यमंत्री बनने वाले अन्ना के स्मारक पर फूल बरसाए।
द्रमुक ने पूरे राज्य में इसी तरह की शांति रैलियां कीं और अन्नादुरई को श्रद्धांजलि दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY