देश की खबरें | स्टालिन ने ‘संग्रहालय के एक कोने’ में कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रपिता का किया अपमान : राज्यपाल रवि

चेन्नई, 30 जनवरी तमिलनाडु के राज्यपाल आर. एन. रवि ने महात्मा गांधी के सम्मान में ‘शहर के एक संग्रहालय के कोने में’ कार्यक्रम आयोजित करने के लिए मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन पर बृहस्पतिवार को निशाना साधा और आरोप लगाया कि द्रविड़ विचारधारा के लोगों ने राष्ट्रपिता का उनके जीवनकाल में अपमान किया और मजाक उड़ाया।

राज्यपाल रवि और मुख्यमंत्री स्टालिन ने गांधी की 77वीं पुण्यतिथि पर यहां क्रमश: गांधी मंडपम और राजकीय संग्रहालय में पुष्पांजलि अर्पित की।

स्टालिन ने राज्य सचिवालय में शहीद दिवस के अवसर पर अस्पृश्यता के खिलाफ शपथ भी दिलाई और राज्य के मंत्रियों, शीर्ष अधिकारियों व निर्वाचित प्रतिनिधियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।

रवि ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,‘‘गांधी मंडपम राष्ट्रपिता का एक भव्य स्मारक है, जो 1956 में के. कामराज ने चेन्नई के गिंडी राष्ट्रीय उद्यान के निकट विशाल भूमि पर बनवाया था। क्या गांधी स्मृति कार्यक्रमों - उनके जन्मदिन और शहादत दिवस को शहर के संग्रहालय के एक कोने में आयोजित करने का कोई मतलब है?’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने मुख्यमंत्री से बार-बार अनुरोध किया कि राष्ट्रपिता को उचित सम्मान दिया जाए और गांधी मंडपम में इस तरह के कार्यक्रम उचित तरीके से आयोजित किए जाएं, लेकिन उन्होंने इसे सिरे से नकार दिया। द्रविड़ विचारधारा के लोगों ने गांधी का उनके जीवनकाल में कड़ा विरोध किया और उनका मजाक उड़ाया। लेकिन क्या आज भी उनका मजाक उड़ाया जाना चाहिए?’’

गांधी मंडपम, राजभवन, गिंडी के पास सरदार पटेल रोड पर है। यह अन्ना विश्वविद्यालय और आईआईटी-मद्रास परिसरों के भी करीब है। राजकीय संग्रहालय शहर के दूसरी तरफ एग्मोर में है और यह फोर्ट सेंट जॉर्ज से लगभग पांच किलोमीटर दूर है, जहां सचिवालय स्थित है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)