देश की खबरें | तमिलनाडु में स्टालिन ने पुलिसकर्मियों के परिवारों के साथ मनाया पोंगल

(तस्वीर सहित)

चेन्नई, 15 जनवरी तमिलनाडु में रविवार को पोंगल का त्योहार पूरे उल्लास के साथ मनाया गया। इस दिन से शुभ तमिल माह ‘थाई’ की शुरुआत होती है।

राज्य के बाहर रह रहे तमिलों ने भी उत्साहपूर्वक पोंगल मनाया।

फसल से जुड़े इस उत्सव के साथ ही मदुरै में लोकप्रिय अवनियापुरम जल्लीकट्टू का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर लोगों ने अपने घरों को सजाया और सुबह जल्दी उठ कर पूजा-अर्चना की। लोगों ने चावल और गुड़ से मीठा व्यंजन पोंगल बनाया तथा नए महीने में खुशी एवं समृद्धि के भाव के साथ ‘‘पोंगल-ओ-पोंगल’’ गीत गाया।

चेन्नई से पिछले दो दिन में सैकड़ों लोग अपने परिवार के साथ पोंगल मनाने के लिए अपने गृह नगर रवाना हुए।

‘थाई’ महीने को शुभ माना जाता है। इस माह में शादियां की जाती हैं और नए कारोबार शुरू किए जाते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, राज्य में विपक्ष के नेता और अन्नाद्रमुक के अंतरिम महासचिव के. पलानीस्वामी ने पोंगल के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

स्टालिन ने अपने परिवार के साथ मिलकर शहर के कोंडितोप में पुलिस कर्मियों के परिवारों के साथ पोंगल मनाया। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक सिलेंद्र बाबू और शहर पुलिस प्रमुख शंकर जिवाल भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने यहां मरीना में अपने पिता एम करुणानिधि और द्रमुक संस्थापक सीएन अन्नादुरई के स्मारकों पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)