चेन्नई, 25 जून तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने रविवार को दिवंगत नेता और पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें एक “क्रांतिकारी नेता” बताया।
एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार यहां प्रेसीडेंसी कॉलेज में पूर्व प्रधानमंत्री की एक प्रतिमा लगायी जाएगी जिसका प्रस्ताव राज्य सरकार ने रखा था। स्टालिन ने अप्रैल में इस संबंध में घोषणा की थी।
उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि सिंह और दिवंगत द्रमुक प्रमुख एम. करुणानिधि का एक ही लक्ष्य, वंचितों को सशक्त बनाना था।
स्टालिन ने कहा, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह की जयंती के अवसर पर, मैं एक क्रांतिकारी नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जो पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए अपनी प्रतिबद्धता पर दृढ़ थे। उन्होंने निडरता से सामाजिक न्याय का समर्थन किया और उन्हें यह कहने की हिम्मत दी कि आरक्षण हमारा अधिकार है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वी.पी. सिंह की विरासत हमारे नेता थलाइवर कलैग्नार (करुणानिधि) की भावना से जुड़ी हुई है क्योंकि उन दोनों का वंचितों को सशक्त बनाने का समान लक्ष्य था। उनके विचार एक उज्ज्वल और अधिक न्यायसंगत भविष्य की ओर हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।’’
मुख्यमंत्री ने सिंह और करुणानिधि की एक पुरानी तस्वीर भी साझा की।
बाद में एक सरकारी बयान में कहा गया कि प्रस्तावित आदमकद प्रतिमा भव्य होगी और इसे प्रेसीडेंसी कॉलेज में लगाया जाएगा। बयान में मंडल आयोग की सिफारिश पर अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए सरकारी नौकरियों में 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने को लेकर सिंह को याद किया गया। बयान में तमिलनाडु तथा उसके बड़े नताओं ई वी आर पेरियार एवं करूणानिधि के प्रति सिंह के लगाव का भी स्मरण किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY