देश की खबरें | श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग यातायात के लिए आंशिक रूप से खुला

बनिहाल/जम्मू, 27 जुलाई रामबन जिले में मिट्टी खिसकने और पत्थर गिरने के कारण बुधवार सुबह बंद किए गए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए आंशिक रूप से खोल दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने अमरनाथ यात्रा के काफिले सहित फंसे हुए वाहनों को कश्मीर की ओर जाने की अनुमति दी।

अधिकारियों ने कहा कि मेहद में राजमार्ग पर पत्थर गिरे जिसके चलते कश्मीर को शेष भारत से जोड़ने वाली एकमात्र सड़क को बंद करना पड़ा। इसके अलावा यहां भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ।

उन्होंने कहा कि मेहद में राजमार्ग को मलबा हटा दिया गया और कश्मीर की ओर यातायात की अनुमति दी गयी है।

यातायात पुलिस ने परामर्श जारी कर कहा कि जम्मू क्षेत्र के पुंछ जिले को कश्मीर के शोपियां जिले से जोड़ने वाली मुगल रोड पर भूस्खलन के कारण दुबजान और पीर की गली के बीच यातायात बाधित है।

परामर्श में ये भी कहा गया, ''लोगों को सलाह दी जाती है कि वह बिना जानकारी के जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर यात्रा न करें।''

अधिकारियों ने कहा कि राजमार्ग बंद होने की वजह से अमरनाथ तीर्थयात्रियों को लेकर कश्मीर जा रहे एक काफिले को चन्द्रकूट में रोकना पड़ा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)