विदेश की खबरें | श्रीलंका अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति की समीक्षा करेगा : राष्ट्रपति विक्रमसिंघे
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कोलंबो, 19 अगस्त श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने शनिवार को कहा कि बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिद्वंद्विता के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति की समीक्षा की जायेगी।

उन्होंने कहा कि बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिद्वंद्विता में उलझने से बचने और हिंद महासागर में तटस्थता को बरकरार रखने के मकसद से देश की राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति की विस्तृत समीक्षा की जरूरत है।

विक्रमसिंघे ने दक्षिणी जिले गाले में नौसैनिकों को संबोधित करते करते हुए कहा कि समीक्षा में विस्तृत मुद्दे होंगे जिनमें उभरते आर्थिक रुझान और जलवायु परिवर्तन आदि शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि आज की जमीनी स्थिति यह है कि हिंद महासागर में वैश्विक शक्तियों के बीच अतिक्रमण को लेकर संघर्ष जारी है।

विक्रमसिंघे ने कहा, ‘‘एक मोर्चे पर अमेरिका और चीन के बीच प्रशांत महासागर में प्रभुत्व स्थापित करने को लेकर संघर्ष जारी है। इसी के साथ पश्चिमी देशों और रूस का यूक्रेन को लेकर सत्ता संघर्ष सामने आया है। इस प्रतिस्पर्धा का असर दूरदराज के अफ्रीका के नाइजर तक पहुंच गया है।’’

उन्होंने कहा कि श्रीलंका को हिंद महासागर में तटस्थता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं है कि हिंद महासागर वैश्विक व्यापार का एक महत्वपूर्ण मार्ग है। जैसे ही हम इस जल क्षेत्र में नौवहन करते हैं, यह जरूरी है कि हम निष्पक्ष रुख बनाए रखते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतिद्वंद्विता में नहीं उलझे। हमारी सबसे बड़ी चिंता इस क्षेत्र में अपनी सुरक्षा होनी चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि हिंद महासागर में पनडुब्बियों का इस्तेमाल बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इसके मद्देनजर श्रीलंका की समुद्री सुरक्षा रणनीति पनडुब्बी निगरानी को लेकर होनी चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)