विदेश की खबरें | श्रीलंका: अल्पसंख्यक तमिलों के मुद्दे पर राष्ट्रपति विक्रमसिंघे ने सर्वदलीय बैठक बुलाई
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कोलंबो, 26 जुलाई श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे बुधवार को द्वीपीय देश में अल्पसंख्यक तमिलों के जातीय मेल-मिलाप के जटिल मुद्दे पर चर्चा के लिए एक सर्वदलीय बैठक करेंगे।

राष्ट्रपति द्वारा यह बैठक सरकार के राष्ट्रीय सुलह कार्यक्रम और इसकी आगे की राह पर चर्चा के लिए बुलाई गई है ।

यह कदम पिछले सप्ताह राष्ट्रपति की दो दिवसीय भारत यात्रा के तुरंत बाद उठाया गया है, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की थी।

दिल्ली यात्रा से पहले, विक्रमसिंघे ने उत्तर और पूर्वी प्रांतों में प्रतिनिधित्व करने वाली तमिल पार्टियों के साथ एक बैठक में सर्वदलीय सहमति के साथ श्रीलंकाई संविधान के 13वें संशोधन (13ए) को प्रांतों को पुलिस शक्ति दिए बिना पूर्ण रूप से लागू करने पर सहमति जतायी थी ।

सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लेने के मामले में ऐसा प्रतीत होता है कि श्रीलंका का विपक्ष बंटा हुआ है ।

राष्ट्रीय सुलह पर सर्वदलीय बैठक में भाग लेने के लिए संसद में प्रतिनिधित्व करने वाले सभी राजनीतिक दलों और स्वतंत्र समूहों के नेताओं को निमंत्रण दिया गया है, इनमें से कुछ विपक्षी नेताओं ने दावा किया है कि इस बैठक के एजेंडे के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है ।

श्रीलंका कि संसद में मुख्य विपक्षी नेता सजित प्रेमदासा ने कहा, ‘‘हमें बैठक के एजेंडे के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गयी है। लेकिन, लोगों के लिये हम इसमें शाामिल होंगे ’’

उन्होंने कहा कि अगर यह वास्तविक प्रयास के बजाय राजनीतिक नौटंकी साबित हुई तो उनकी पार्टी समागी जन बालवेगया (एसजेबी) ने बैठक से बाहर निकलने का अधिकार सुरक्षित रखा है ।

दूसरे सबसे बड़े विपक्षी समूह जनता विमुक्ति पेरामुना (जेवीपी) ने कहा कि वे इसमें भाग नहीं लेंगे, अन्य राजनीतिक दलों ने कहा कि वे भाग लेंगे।

पूर्व राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना की श्रीलंका फ्रीडम पार्टी के दयासिरी जयशेखरा ने कहा, ‘‘हम जा रहे हैं।’’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में विक्रमसिंघे के साथ बातचीत के दौरान उम्मीद जताई थी कि श्रीलंकाई नेता 13ए को लागू करने और प्रांतीय परिषद चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध होंगे।

उन्होंने तमिलों के लिए सम्मान के साथ जीवन सुनिश्चित करने का आग्रह किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)