देश की खबरें | माता वैष्णों देवी श्राइन बोर्ड की स्थापना दिवस के मौके पर विशेष प्रार्थना का आयोजन किया गया

जम्मू, 30 अगस्त जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित माता वैष्णों देवी मंदिर में आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए आधार शिविर कटरा में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) के 38वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को विशेष प्रार्थना की गईं।

एसएमवीडीएसबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशुल गर्ग अन्य अधिकारियों के साथ विशेष प्रार्थना और यज्ञ में शामिल हुए, और तीर्थयात्रियों के लिए सर्वोत्तम संभव सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

गर्ग ने पूरी यात्रा में तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए किए गए योगदान को याद किया और प्रत्येक पैदल यात्रियों के अथक प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘माता के आशीर्वाद से, हम देश में सबसे अधिक देखे जाने वाले तीर्थस्थलों में से एक बनकर उभरे हैं और हमारे सामूहिक प्रयासों को राष्ट्रीय जल पुरस्कार के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है। ’’

श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने बोर्ड के अध्यक्ष तथा उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को उनके निरंतर समर्थन और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया, जिसके तहत बोर्ड द्वारा अपेक्षाकृत कम समय में तीर्थयात्रियों की सुविधा और कर्मचारियों के कल्याण के लिए कई पहल की जा रही हैं।

कटरा में मुख्य कार्यक्रम निहारिका कांप्लेक्स में आयोजित किया गया जहां विशेष प्रार्थना की गयी ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)