देश की खबरें | विशेष एनआईए अदालत ने खालिस्तान समर्थक आतंकवादी की सम्पत्ति जब्त करने का दिया आदेश

नयी दिल्ली, 25 अगस्त दिल्ली की एक विशेष एनआईए अदालत ने फरार खालिस्तान समर्थक आतंकवादी लखबीर सिंह संधू उर्फ "लांदा" की पंजाब के तरनतारन जिले के एक गांव में स्थित संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने शुक्रवार को दी।

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के अनुसार, गैंगस्टर से आतंकवादी बने लखबीर के 2017 से कनाडा में रहने की जानकारी है, वह आतंकवाद के कई मामलों का मुख्य षड्यंत्रकर्ता है, जिसमें 2022 में पंजाब में पुलिस खुफिया मुख्यालय और सरहाली पुलिस थाने पर रॉकेट-चालित ग्रेनेड (आरपीजी) हमले भी शामिल हैं।

एनआईए के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की धारा 33 (5) के तहत पारित अदालत के आदेश के अनुसार, किरियां गांव में स्थित लखबीर की संपत्ति राज्य द्वारा जब्त कर ली गई है। उसे इससे पहले दो जुलाई को एक अपराधी घोषित किया गया था।’’

लखबीर के खिलाफ इस साल 22 जुलाई को एनआईए द्वारा जांच के बाद आरोपपत्र दायर किया गया था, जिसमें अगस्त 2022 में पंजाब पुलिस के उप-निरीक्षक दिलबाग सिंह की हत्या की साजिश रचने का मामला भी शामिल है।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘शुरुआत में आपराधिक और गैंगस्टर से संबंधित गतिविधियों में शामिल, लखबीर कनाडा से अपनी भारत विरोधी गतिविधियों को जारी रखे हुए था। वह बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) और पाकिस्तान स्थित आतंकवादी हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा के लिए काम कर रहा है।’’

अधिकारी ने कहा कि एनआईए पिछले साल 20 अगस्त को स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज करने के बाद बीकेआई, खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) और इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन (आईएसवाईएफ) जैसे प्रतिबंधित खालिस्तान समर्थक आतंकवादी संगठनों के सदस्यों की गतिविधियों की जांच कर रहा है। उन्होंने कहा कि तब से, एनआईए ने आतंकवादियों को पकड़ने और उनके भारत विरोधी मंसूबों को नाकाम करने के लिए कई कार्रवाई की हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि लखबीर और विदेश में रह रहे अन्य खालिस्तान समर्थक आतंकवादियों को हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक, मादक पदार्थ तथा अन्य आतंकवादी साजोसामान की सीमापार से तस्करी में लिप्त पाया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)