देश की खबरें | दिल्ली के अस्पताल में भर्ती आज़म खान को देखने पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव

नयी दिल्ली, एक जून समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती अपनी पार्टी के विधायक आज़म खान को बुधवार को देखने पहुंचे। इस तरह की खबरें थी कि दोनों नेताओं के बीच मतभेद हैं।

खान को रविवार को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल के ‘मेडिसिन विभाग’ में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल के एक सूत्र ने कहा, ‘‘अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचे और उन्होंने यहां भर्ती आज़म खान से मुलाकात की।’’

अस्पताल के सूत्रों ने मंगलवार को बताया था कि खान की हालत ‘‘पूरी तरह स्थिर’’ है।

बाद में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर कहा, ‘‘अच्छी सेहत के लिए दुआएं,… आप जल्द स्वस्थ हों।” उन्होंने ट्विटर पर खान के साथ तस्वीरें भी पोस्ट की हैं।

धोखाधड़ी के एक मामले में उच्चतम न्यायालय से अंतरिम जमानत मिलने के बाद खान 20 मई को उत्तर प्रदेश की सीतापुर जेल से रिहा हुए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)