देश की खबरें | एसकेएम (गैर राजनीतिक) पहलवानों के समर्थन में तीन मई को करेगा राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने शुक्रवार को कहा कि वह भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के समर्थन में तीन मई को देश भर में प्रदर्शन करेगा।

एसकेएम (गैर-राजनीतिक), संयुक्त किसान मोर्चा से टूटकर बना समूह है। संयुक्त किसान मोर्चा ने केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व किया था। प्रदर्शनों के बाद कृषि कानून निरस्त कर दिए गए थे।

एसकेएम (गैर राजनीतिक) ने कहा कि उसके साथ जुड़े किसान संगठनों ने ऑनलाइन बैठक के दौरान सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया जिसमें डब्ल्यूएफआई प्रमुख की गिरफ्तारी की मांग की गई।

पहलवानों ने यौन उत्पीड़न और डराने-धमकाने के आरोपों को लेकर सिंह के खिलाफ यहां जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू किया है।

एसकेएम (गैर-राजनीतिक) ने यहां जारी एक बयान में कहा कि वह प्रदर्शनकारी पहलवानों के समर्थन में तीन मई को देश के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करेगा।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कई पहलवान रविवार से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि सरकार सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच करने वाली समिति के निष्कर्षों को सार्वजनिक करे तथा सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)