ईटानगर, तीन मार्च अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बृहस्पतिवार को कहा कि युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे राज्य के छह छात्र निकासी अभियान के तहत नयी दिल्ली पहुंच गए हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के अधिकारी राष्ट्रीय राजधानी में हवाई अड्डे पर उन्हें लेने पहुंचे।
खांडू ने ट्वीट किया, ‘‘ यूक्रेन में फंसे अरुणाचल प्रदेश के छह छात्र नयी दिल्ली में हवाई अड्डे पर पहुंच गए हैं। राज्य सरकार के अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।’’
ये सभी छात्र पूर्वी यूरोपीय राष्ट्र के विभिन्न विश्वविद्यालयों में पढ़ाई कर रहे थे।
इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि घर लौटने तक छात्र राष्ट्रीय राजधानी में अरुणाचल भवन में रहेंगे और उन्हें राज्य वापस लाने की व्यवस्था की जा रही है।
खांडू ने कहा कि केन्द्र यूक्रेन से भारतीयों को निकालने के लिए अथक प्रयास कर रहा है और दिल्ली में रेजिडेंट कमिश्नर कार्यालय युद्धग्रस्त देश में फंसे छात्रों तक पहुंच बना रहा है।
यूक्रेन से फंसे छात्रों को निकालने के लिए राज्य सरकार विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय कायम कर रही है। प्रशासन ने युद्ध प्रभावित देश में फंसे लोगों के लिए एक वेब लिंक के साथ-साथ व्हाट्सऐप नंबर और ईमेल आईडी भी जारी की है, ताकि वे अधिकारियों से संपर्क कर सकें।
अधिकारी ने कहा, ‘‘अरुणाचल प्रदेश के कम से कम चार और छात्र अभी यूक्रेन में फंसे हैं।’’
रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद से भारत युद्धग्रस्त देश में फंसे अपने नागरिकों को रोमानिया, हंगरी और पोलैंड जैसे देशों के रास्ते स्वदेश ला रहा है।
वहीं, विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारतीय वायुसेना, भारतीय विमानन कंपनियों की कुल 19 उड़ानें बृहस्पतिवार को 3,726 भारतीयों को स्वदेश लाएंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY