गाजियाबाद (उप्र), आठ फरवरी गाजियाबाद जिले के कविनगर पुलिस थाना अंतर्गत अदालत परिसर में बुधवार को एक तेंदुआ घुस गया और उसने छह लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
पुलिस और वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए चार घंटे तक संयुक्त अभियान चलाया और उसे अंततः पकड़ लिया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि तेंदुए के हमले में छह लोग घायल हुए हैं। तेंदुए ने सबसे पहले भूतल पर एक व्यक्ति पर हमला किया और इसके बाद तेंदुआ प्रथम तल पर गया।
तेंदुआ घुसने की खबर से अदालत परिसर में अफरा तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए एक जगह से दूसरी जगह भागने लगे। कुछ लोग सीढ़ियों की तरफ भागे और कुछ ने कार्यालयों और शौचालयों में खुद को बंद कर लिया।
इस दौरान, तेंदुआ एक जगह से दूसरी जगह भागता रहा और रास्ते में आने वाले लोगों पर हमले करता रहा। तेंदुए के भूतल पर आने पर पुलिस और वन अधिकारियों ने स्थिति संभाली और बड़ा पिंजरा लगाकर उसे पकड़ा।
वन अधिकारियों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए मेरठ से विशेषज्ञों को बुलाया था। वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि तेंदुए को पकड़ लिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY