देश की खबरें | गोवा में अवैध भूमि हस्तांतरण की जांच कर रही एसआईटी के प्रमुख कोई न्यायाधीश हों : तृणमूल

पणजी, 24 जून तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को मांग की कि गोवा में अवैध भूमि हस्तांतरण की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) का प्रमुख किसी न्यायाधीश को बनाया जाना चाहिए।

राज्य सरकार ने राज्य में अवैध भूमि हस्तांतरण की जांच के लिए एक पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। ऐसे 50 से 60 मामलों में अब तक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

तृणमूल की गोवा इकाई के प्रवक्ता टी. डीमेलो ने यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि एसआईटी में शामिल अधिकारियों की ईमानदारी को लेकर कोई संदेह नहीं है, लेकिन "पुलिस के प्रति लोगों की अवधारणा ठीक नहीं है।’’

तृणमूल नेता ने कहा कि अगर एसआईटी का नेतृत्व कोई पुलिस अधीक्षक करते हों तो ऐसे लोग फिर से मामले दर्ज कराने के लिए आगे नहीं आएंगे, जिन्होंने वर्षों पहले धोखाधड़ी में अपनी जमीन खो दी थी और पुलिस के पास औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज कराई थी।

उन्होंने किसी न्यायाधीश को जांच दल का प्रमुख बनाए जान की मांग की।

डीमेलो ने दावा किया कि मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मौजूदा सरकार के 22 अधिकारियों को एसआईटी में स्थानांतरित कर दिया है। उन्होंने कहा, “अनियमितताएं वर्तमान सरकार की नाक के नीचे हो रही थीं। यदि आप इसी व्यवस्था से कुछ अधिकारियों को चुनकर एसआईटी बनाते हैं तो इससे क्या फर्क पड़ेगा।”

उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री का कर्तव्य है कि लोगों में भरोसा पैदा हो ताकि वे शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे आ सकें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)