देश की खबरें | सिसोदिया ने हरियाणा सरकार पर लगाया ऑक्सीजन आपूर्ति रोकने का आरोप, हरियाणा का इंकार

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने हरियाणा सरकार पर दिल्ली के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति रोकने का बुधवार को आरोप लगाया। राष्ट्रीय राजधानी के कई अस्पताल लगातार दूसरे दिन ऑक्सीजन की कमी के बीच कोरोना वायरस के मरीजों की जान बचाने की कोशिश में लगे हुए है।

उधर हरियाणा सरकार ने सिसोदिया के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि प्रशासन में से किसी ने भी कुछ बाधित नहीं किया है।

सिसोदिया ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्यों के लिए ऑक्सीजन का कोटा केन्द्र निर्धारित करता है और आम आदमी पार्टी सरकार केन्द्र से दिल्ली के लिए ऑक्सीजन कोटा 378 मीट्रिक टन से बढ़ा कर 700 मीट्रिक टन करने की मांग करती रही है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने इस संबंध में अभी तक कोई कदम नहीं उठाया है।

सिसोदिया ने कहा,‘‘ हम फिर से मांग करते हैं कि केन्द्र बढ़ती खपत को देखते हुए हमारा ऑक्सीजन कोटा बढ़ाकर 700 मीट्रिक टन करे। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान सहित कई राज्यों के मरीज शहर के अस्पतालों में भर्ती हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार के एक अधिकारी ने फरीदाबाद के एक संयंत्र से दिल्ली के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति रोकी थी।

सिसोदिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मंगलवार को एक इसी प्रकार की घटना हुई,जिससे कुछ अस्पतालों में संकट पैदा हुआ। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन की आपूर्ति अब बहाल हो गई है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की मांग है कि राज्यों को उनके हिस्से में आवंटित ऑक्सीजन की मात्रा मिलनी चाहिए और उसमें किसी का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।

इस पर हरियाणा के मुख्य सचिव विजय वर्धन ने ‘पीटीआई-’ से कहा, '' दिल्ली को कोई आपूर्ति बंद नहीं की गई है, यह सच नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)