देश की खबरें | हत्या मामलों में समान न्याय को लेकर कांग्रेस का मौन प्रदर्शन

मंगलुरु, 20 सितंबर कांग्रेस के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ ने मंगलवार को यहां टाउन हॉल के सामने मौन विरोध प्रदर्शन किया और कर्नाटक सरकार से दक्षिण कन्नड़ जिले में हाल में कथित सांप्रदायिक हिंसा में मारे गए व्यक्तियों के परिवारों को समान न्याय प्रदान करने का आग्रह किया।

यह विरोध प्रदर्शन बेल्लारे के मसूद और सूरथकल में फाजिल की हत्या के मामलों को लेकर सरकार के कथित भेदभावपूर्ण रवैये के खिलाफ किया गया था। विपक्षी दल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा इकाई के नेता प्रवीण नेत्तर की हत्या से संबंधित मामले की जांच तेज गति से की जा रही है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार ने मसूद और फाजिल के परिवारों को मुआवजा भी नहीं दिया है, जबकि नेत्तर के परिवार को हत्या के तुरंत बाद मुआवजा दिया गया था।

मसूद की मां और फाजिल के पिता द्वारा टाउन हॉल के सामने बी आर आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू किया गया।

कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री बी रामनाथ राय ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि तीनों हत्याओं के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, विरोध राज्य सरकार के भेदभावपूर्ण दृष्टिकोण के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि हत्या के साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसे अपराधों में शामिल नहीं था और पार्टी चाहती है कि हत्याओं के पीछे जिन पार्टियों का हाथ हैं उन्हें लोग वोट न दें।

राय ने कहा कि सांप्रदायिक हिंसा को रोकने और जिले में सौहार्द बहाल करने के लिए सरकार को अपराधों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन करना चाहिए।

पूर्व विधायक जे आर लोबो, अभयचंद्र जैन, दक्षिण कन्नड़ जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शाहुल हमीद और युवा कांग्रेस नेता मिथुन राय इस मौके पर उपस्थित थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)