देश की खबरें | सिक्किम सरकार ने कोविड-19 मामलों को रोकने के लिए परामर्श जारी किया

गंगटोक, 27 दिसंबर सिक्किम सरकार ने मंगलवार को एक परामर्श जारी करते हुए लोगों से राज्य में फिर से कोविड-19 महामारी को फैलने से रोकने के लिए एहतियाती उपायों पर अमल करने को कहा।

सिक्किम के मुख्य सचिव वी बी पाठक ने गृह विभाग द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा कि हिमालयी राज्य के निवासियों को सार्वजनिक स्थानों पर जाते समय सामाजिक दूरी के नियम का पालन करने तथा चेहरे पर मास्क लगाने के लिए कहा गया है।

लोगों को नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ धोने या सैनेटाइजर का इस्तेमाल करने, भीड़भाड़ वाली जगहों और सामाजिक सभाओं में जाने से बचने की भी सलाह दी गयी है।

चीन समेत विभिन्न देशों में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए सिक्किम के निवासियों को अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने से बचने के लिए कहा गया है।

अगर बुखार, गले में खराश, खांसी जैसे लक्षण हैं तो लोगों को फौरन डॉक्टर से परामर्श करने और कोविड-19 की जांच कराने की सलाह दी गयी है।

सिक्किम सरकार ने सभी को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक लेने की सलाह दी है और उनसे समय-समय पर सरकार द्वारा जारी परामर्शों का पालन करने को कहा है।

मुख्य सचिव ने कहा कि विभिन्न देशों में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों और त्योहारी सीजन तथा नव वर्ष जश्न समारोहों को देखते हुए परामर्श जारी किया गया है।

अभी सिक्किम में कोरोना वायरस का एक उपचाराधीन मरीज है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)