जयपुर, 13 सितंबर राजस्थान के भरतपुर जिले में एक थानाधिकारी को भाजपा से बसेड़ी विधानसभा क्षेत्र से टिकट मांगने के लिए भेजे बायोडाटा और वर्दी में फोटो वाले पर्चे सामने आने के बाद हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया।
वैर पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) प्रेम सिंह भास्कर ने वर्दी में अपनी तस्वीर के साथ पर्चे छपवाए थे और धौलपुर जिले की बसेड़ी विधानसभा सीट से संभावित भाजपा उम्मीदवार होने का दावा किया था।
पर्चों में उनकी राजनीतिक और पारिवारिक पृष्ठभूमि का विवरण भी था।
वरिष्ठ अधिकारियों ने भास्कर के राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने का संज्ञान लिया और उन्हें थाने से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘थानाधिकारी को राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने के कारण तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।’’
थानाधिकारी ने संपर्क करने पर बताया कि उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन दिया है। उन्होंने एक राजनेता के रूप में समाज सेवा करने की इच्छा भी व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि वह 34 वर्षों से पुलिस विभाग में सेवा दे रहे हैं।
थानाधिकारी ने कहा, ‘‘मैं भाजपा के टिकट पर बसेड़ी से विधानसभा चुनाव लड़ना चाहता हूं। मैंने विभाग के समक्ष स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिये आवेदन किया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY