देश की खबरें | भाजपा के मंत्री नितेश राणे को शिवसेना (उबाठा) सबक सिखाएगी : पूर्व सांसद विनायक राउतु

मुंबई, 24 फरवरी शिवसेना (उबाठा) के पूर्व सांसद विनायक राउत ने कहा है कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र के भाजपा मंत्री नितेश राणे को सबक सिखाएगी। नितेश राणे ने हाल ही में यह बयान दिया था कि शिवसेना (उबाठा) और अन्य विपक्षी दलों के समर्थकों को उनके क्षेत्रों के लिए कोई विकास निधि नहीं मिलेगी।

राउत ने रविवार शाम पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि सत्ता का अहंकार राणे के सिर चढ़ कर बोल रहा है।

राणे और राउत, दोनों कोंकण क्षेत्र से आते हैं।

मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राउत ने कहा, "सत्ता का अहंकार राणे के सिर चढ़ कर बोल रहा है। उन्होंने पद की शपथ ली है जिसमें निष्पक्ष रहकर अपने कर्तव्यों का पालन करने की बात कही गई है। हम उन्हें जल्द ही सबक सिखाएंगे।"

इस महीने की शुरुआत में सिंधुदुर्ग जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में राणे ने कहा था कि विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन के कार्यकर्ताओं को अपने निर्वाचन क्षेत्रों के विकास के लिए भाजपा में शामिल होना चाहिए।

राणे ने कहा था, "कई एमवीए कार्यकर्ता पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं और मैं बाकी बचे लोगों को भी ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित करता हूं। केवल (सत्तारूढ़) महायुति के कार्यकर्ताओं को ही निधि मिलेगी। यदि किसी गांव में सरपंच या कोई अन्य पदाधिकारी एमवीए गठबंधन से है तो उन्हें एक भी रुपया नहीं मिलेगा।"

महाविकास अघाड़ी में कांग्रेस, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) और राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) शामिल हैं।

राणे के इस बयान पर विपक्षी नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और सवाल उठाया कि क्या मंत्री अपने पद की शपथ भूल गए हैं?

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)