देश की खबरें | शिरोमणि अकाली दल आप सरकार की 'जनविरोधी' नीतियों को उजागर करने के लिए 'धरने' आयोजित करेगा

चंडीगढ़, सात सितंबर शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के कार्यकारी अध्यक्ष बलविंदर सिंह भुंडर ने शनिवार कहा कि शिअद पंजाब में जिला स्तर पर 'धरने' आयोजित करेगा, ताकि भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की 'जनविरोधी नीतियों को उजागर किया जा सके'।

भुंडर ने यहां एक बयान में कहा कि जिला-स्तरीय धरना 10 सितंबर को लुधियाना से शुरू होगा। बयान के अनुसार, इसके बाद 11, 12 और 13 सितंबर को क्रमश: फिरोजपुर, फाजिल्का और मोगा में धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

बयान में कहा गया है कि शिअद 16 से 20 सितंबर तक प्रतिदिन क्रमश: श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मानसा, संगरूर और बरनाला में तथा 23 सितंबर को शहीद भगत सिंह नगर में धरना देगा।

भुंडर ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य सरकार को इस बात के लिए "बेनकाब" करेगी कि उसने (राज्य सरकार ने) किस प्रकार बिजली सब्सिडी वापस लेकर, पेट्रोल और डीजल पर मूल्य वर्धित कर (वैट) में बार-बार वृद्धि करके, बस किराया 23 पैसे प्रति किलोमीटर बढ़ाकर, वाहनों पर कर का बोझ डालकर तथा भूमि के पंजीकरण शुल्क सहित अन्य "जनविरोधी" फैसलों के जरिये आम आदमी को ‘परेशान’ किया है।

पंजाब में ईंधन की कीमतों में बृहस्पतिवार को राज्य मंत्रिमंडल द्वारा पेट्रोल और डीजल पर वैट में क्रमश: 61 पैसे प्रति लीटर और 92 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि को मंजूरी दिए जाने के बाद ईंधन की कीमतें बढ़ गई हैं।

कैबिनेट ने घरेलू उपभोक्ताओं को तीन रुपये प्रति यूनिट बिजली सब्सिडी देने के पिछली कांग्रेस सरकार के फैसले को भी वापस लेने की मंजूरी दे दी है।

अकाली दल ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी आप सरकार पर निशाना साधा।

भुंडर ने आरोप लगाया कि मान के नेतृत्व में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है और उद्योग राज्य से पलायन कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)