विदेश की खबरें | शर्मन ने द.कोरिया और जापान के अपने समकक्षों के साथ बैठक की

शर्मन ने इन नेताओं के साथ बैठक में उत्तर कोरिया से तेजी से बढ़ते परमाणु खतरे का सामना करने के लिए अपने सहयोगियों और त्रिपक्षीय सुरक्षा सहयोग की रक्षा के लिए अमेरिकी प्रतिबद्धता पर जोर दिया।

इन देशों के नेताओं के बीच यह बैठक ऐसे समय हुई जब उत्तर कोरिया लगभग पांच वर्षों में अपने पहले परमाणु परीक्षण की तैयारी कर रहा है।

सियोल में एक बैठक के बाद, शर्मन और दक्षिण कोरियाई और जापानी उप विदेश मंत्रियों ने एक संयुक्त बयान जारी कर उत्तर कोरिया की ‘‘भड़काऊ’’ प्रवृत्ति की निंदा की और बढ़ते खतरे को रोकने के लिए करीबी सुरक्षा सहयोग का वादा किया।

बयान में कहा गया है कि शर्मन ने दक्षिण कोरिया और जापान की रक्षा के लिए ‘‘दृढ़’’ अमेरिकी प्रतिबद्धताओं की पुष्टि की और उन्होंने अपनी पूर्ण सैन्य क्षमताओं के साथ अपने सहयोगियों की रक्षा करने का आश्वासन दिया।

बैठक के बाद, दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून-डोंग ने जापानी उप विदेश मंत्री ताकेओ मोरी के साथ अलग से मुलाकात की और वे द्विपक्षीय संबंधों में सुधार की ‘‘तत्काल’’ आवश्यकता के बारे में सहमत हुए।

जापान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि मोरी ने शर्मन के साथ भी अलग बैठक की, जहां वे यूक्रेन पर हमला करने को लेकर रूस के खिलाफ प्रतिबंधों को बनाए रखने तथा चीन से संबंधित चुनौतियों का समाधान करने के लिए और अधिक बारीकी से काम करने पर सहमत हुए।

एपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)