जम्मू, 23 जून केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सांबा में ‘सेंट्रल फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) की आधारशिला रखी और जम्मू में कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
शाह ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में हुई प्रगति को रेखांकित किया।
उन्होंने क्षेत्र में लागू की जा रही विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। इनमें 100 करोड़ रुपये की लागत से सांबा में बन रही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी, रामबन और किश्तवाड़ जिले में कुल 157.47 करोड़ की लागत से जलजीवन मिशन के तहत चलाई जा रहीं 41 जलापूर्ति योजनाएं, डोडा बस अड्डा पर 32.46 करोड़ रुपये से बहुमंजिला पार्किंग, बक्शी नगर में 40.86 करोड़ की लागत से हड्डी एवं जोड़ अस्पताल, ग्रिड स्टेशन, डोगरा चौक से केसी चौक के बीच सड़क का उन्नयन शामिल हैं।
शाह ने एक पुस्तक का भी विमोचन किया जिसमें जम्मू-कश्मीर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी है।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर प्रगति की राह पर बढ़ रहा है और नया जम्मू-कश्मीर आकार ले रहा है।’’
शाह ने कहा कि गत नौ साल में नौ नए चिकित्सा महाविद्यालय और 15 नर्सिंग कॉलेज स्थापित किए गए है। जिससे चिकित्सा शिक्षा का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY