देश की खबरें | मुंबई में एसजीएनपी जल्द ही आगंतुकों के लिए 'तेंदुआ सफारी' शुरू करेगा: मंत्री

मुंबई, 31 जनवरी मुंबई के बोरीवली क्षेत्र में स्थित संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान (एसजीएनपी) में जल्द ही तेंदुआ सफारी की सुविधा शुरू की जाएगी जो बाघ और शेर सफारी के अलावा आगंतुकों के लिए एक और आकर्षण का केंद्र होगी। एक मंत्री ने शुक्रवार को यहां यह जानकारी दी।

सूचना प्रौद्योगिकी एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार (जो मुंबई उपनगरीय क्षेत्र के संरक्षक मंत्री भी हैं) ने यहां शुक्रवार को एसजीएनपी का दौरा किया और यह घोषणा की।

उन्होंने एक साल के लिए शेरों के जोड़े (भरत और भारती) को भी गोद लिया और उनके पालन-पोषण की व्यक्तिगत जिम्मेदारी ली। इन शेरों को इस साल गणतंत्र दिवस पर गुजरात से एसजीएनपी में लाया गया था।

शेलार ने कहा, "फिलहाल एसजीएनपी में बाघ और शेर सफारी की सुविधा है। महाराष्ट्र के विभिन्न भागों में पाए जाने वाले तेंदुए के बच्चों को यहां लाकर पाला जाता है। लेकिन पर्यटकों को तेंदुओं को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का मौका नहीं मिलता।"

उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिए लगभग 30 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी और यह उपलब्ध है। जल्द ही शुरू होने वाला तेंदुआ सफारी आगंतुकों को एक अनूठा वन्यजीव अनुभव प्रदान करेगा साथ ही इस उद्यान में रखे गए तेंदुओं और उनके शावकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करेगा।

शेलार ने कहा, "इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि राजस्व में भी वृद्धि होगी।"

एसजीएनपी के निदेशक जी मल्लिकार्जुन ने बताया कि परियोजना की लागत पांच करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)