विदेश की खबरें | ब्रिटेन में पुलिस पर हमले के बाद हिंसक प्रदर्शनों के आरोप में सात लोग गिरफ्तार

लंदन, 22 मार्च पुलिस की शक्तियां बढ़ाने संबंधी सरकार की योजनाओं के खिलाफ आयोजित रैली में पुलिसकर्मियों पर हुए हमले के बाद हिंसक उपद्रव करने और हथियार जब्त किए जाने के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इंग्लैंड के ब्रिस्टल शहर की पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि वह पुलिसकर्मियों पर हुए हमले संबंधी घटना की जांच कर रही है।

‘किल द बिल’ नाम की रैली के दौरान एक पुलिस थाने पर हमला हुआ और कई पुलिस वाहनों को आग लगा दी गई।

स्थानीय ‘एवन एंड समरसेट’ पुलिस ने बताया कि कुल 20 अधिकारियों पर हमला हुआ या वे घायल हुए, जिनमें से दो पुलिसकर्मियों की हड्डियां टूटने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मुख्य कांस्टेबल एंडी मार्श और एवन एंड समरसेट पुलिस एवं अपराध आयुक्त सुए माउंटस्टीवंस ने इस हिंसा की कड़ी निंदा की।

ब्रिटेन की गृह मंत्री प्रीति पटेल ने इस घटना को ‘‘अस्वीकार्य’’ बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोगों द्वारा उपद्रव तथा बदमाशी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारी रक्षा के लिए पुलिस अधिकारी अपनी जान को खतरे में डालते हैं।’’

ब्रिस्टल के मेयर मारविन रीस ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे शहर के लिए ‘‘एक शर्मनाक दिन’’ बताया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)