नयी दिल्ली, 24 जुलाई वित्त मंत्रालय ने सोमवार को लोकसभा को सूचित किया कि फर्जी जीएसटी पंजीकरण का पता लगाने के लिए चलाये गये एक विशेष अभियान के दौरान केंद्रीय जीएसटी अधिकारियों ने सात लोगों को गिरफ्तार किया।
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि विशेष अभियान के दौरान केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमाशुल्क बोर्ड के अधिकारियों को नौ जुलाई को 9,369 फर्जी प्रविष्टियों और 10,902 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का पता चला।
उन्होंने कहा कि 45 करोड़ रुपये की वसूली कर ली गयी है।
केंद्र और राज्य जीएसटी अधिकारियों ने 16 मई से 15 जुलाई तक पूरे देश में विशेष अभियान चलाकर फर्जी पंजीकरणों का पता लगाया।
चौधरी ने बताया कि 1 जुलाई, 2017 से 30 जून, 2023 के बीच, केंद्रीय जीएसटी अधिकारियों ने अन्य लोगों के पैन/आधार विवरण का दुरुपयोग करके धोखाधड़ी करते हुए जीएसटी पंजीकरण करने के 5,070 मामलों की पहचान की।
उन्होंने कहा कि छह साल की अवधि के दौरान 27,426 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का पता चला और 922 करोड़ रुपये की भरपाई की गयी। इस अवधि में कुल 331 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY