देश की खबरें | असम के उग्रवादी समूहों के नाम पर जबरन वसूली की योजना बनाने को लेकर सात लोग गिरफ्तार

गुवाहाटी, दो जुलाई असम के उग्रवादी संगठनों के नाम पर जबरन वसूली करने की योजना बनाने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य के शीर्ष पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि ये गिरफ्तारियां असम, नगालैंड और पश्चिम बंगाल से की गई हैं।

पुलिस महानिदेशक जी. पी. सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘असम पुलिस ने उस उग्रवादी गिरोह के पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जो राज्य के बीटीआर क्षेत्र में केएलओ और बीएलए के नाम पर जबरन वसूली शुरू करना चाहता था। असम, नगालैंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों से कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’’

सिंह ने बोडो लिबरेशन आर्मी (बीएलए) का एक ‘लेटरहेड’ साझा किया, हालांकि यह उल्लेख नहीं किया कि क्या इसे गिरफ्तार व्यक्तियों के पास से बरामद किया गया है।

बीएलए के अलावा यह गिरोह कामतापुर लिबरेशन संगठन (केएलओ) के नाम पर भी जबरन वसूली कर रहा था।

गिरफ्तार होने वालों में से तीन लोग उदलगुरी जिले से, दो लोग कार्बी आंगलोंग के और एक-एक व्यक्ति दरांग और तामुलपुर से है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)