देश की खबरें | नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर महिला की करंट से मौत के मामले में वरिष्ठ अभियंता को जिम्मेदार ठहराया

नयी दिल्ली, 29 जून नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हाल ही में करंट लगने से एक महिला की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने भारतीय रेलवे के एक वरिष्ठ अभियंता को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक वरिष्ठ अभियंता भारत भूषण (40) उत्तरी दिल्ली के किशन गंज में रेलवे क्वार्टर में रहते हैं।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ खंड अभियंता के रूप में तैनात भारत भूषण पर नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन परिसर में बिजली के खंभे के रखरखाव का जिम्मा था।

पुलिस उपायुक्त (रेलवे) अपूर्वा गुप्ता ने कहा कि 27 जून को रेलवे प्राधिकरण द्वारा उस स्थल का निरीक्षण किया गया था, जहां महिला को करंट लगने की घटना घटी।

अपूर्वा गुप्ता ने कहा, ‘‘ घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद उसे रख-रखाव और मरम्मत कार्य के लिए रेलवे अधिकारियों को सौंप दिया गया। 27 जून को भूषण को जांच में शामिल होने के लिए कहा गया था। पूछताछ के बाद उसे दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 41.1ए के तहत निरुद्ध किया गया। ’’

यह हादसा रविवार सुबह तब हुआ जब गेट नंबर एक के समीप नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन परिसर में 34 वर्षीय साक्षी आहूजा चंडीगढ़ जाने के लिए ट्रेन में सवार होने जा रही थीं, तभी खुले तारों के संपर्क में आने के कारण करंट लगने से उनकी मौत हो गयी थी।

प्राथमिक जांच के अनुसार, बारिश में आहूजा अपना संतुलन खो बैठीं। जब उन्होंने अपने आप को संभालने के लिए बिजली के एक खंभे को पकड़ा तो वह वहां पड़े कुछ खुले तारों के संपर्क में आ गयीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)